#सीतापुर:16 मुकदमों का शातिर अपराधी अवैध तमंचे व कारतूस के साथ गिरफ्तार.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश)। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने 16 गंभीर मुकदमों में लिप्त शातिर अपराधी विकुल पासी को अवैध असलहे के साथ दबोच लिया।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश, एएसपी (उत्तरी) आलोक सिंह के पर्यवेक्षण व सीओ सदर नेहा त्रिपाठी के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम अमीरनगर निवासी विकुल पासी (27) पुत्र इंद्रपाल को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त विकुल पासी पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे 16 संगीन मुकदमे कोतवाली नगर, रामकोट और कोतवाली देहात में पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ